तीन कृषि कानूनों के विरोध में सियासत हुंकार भरने लगी है। बघरा के स्वामी कल्याणदेव डिग्री कालेज में आज होने वाली कांग्रेस किसान महापंचायत में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा कृषि कानूनों का विरोध करेंगी। महापंचायत को सफल बनाने की तैयारी में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एक दिन पहले मुजफ्फरनगर पहुंचे, जिन्होंने स्थानीय नेताओं के साथ मैदान में तैयारी का जायजा लेते हुए अन्य रणनीतियां बनाईं।
गाजीपुर बोर्डर पर कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग पर धरने पर बैठे भाकियू नेताओं के बाद अब मुजफ्फरनगर में भी किसानों की महापंचायतों का दौर शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में कांग्रेस की प्रस्तावित किसान महापंचायत आज बघरा के स्वामी कल्याणदेव डिग्री कालेज में होने जा रही है।
इसकी तैयारियों के लिए प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू एक दिन पहले शुक्रवार को ही जिले में पहुंच गए। उन्होंने जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा, पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, सतीश शर्मा को साथ लेकर मैदान की स्थिति का जायजा लिया। वहीं महापंचायत में किसानों के आने की संख्या और उनके वाहन संबंधी जानकारी ली।
जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा ने बताया कि महापंचायत में मुख्य वक्ता प्रियंका वाड्रा 11 बजे तक पहुंचेंगी, लेकिन विभिन्न गांवों से बसों व ट्रैक्टर-ट्रालियों से किसान सुबह से ही मैदान में पहुंचने शुरू हो जाएंगे। वाहनों की पार्किग और पंचायत स्थल पर किसानों व आम आदमियों के बैठने की व्यवस्था एक दिन पूर्व पूरी कर ली गई है।
आयोजन की रूपरेखा बनाई
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जमील अंसारी के आवास पर हुई बैठक में शनिवार को बघरा में राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी की किसान महापंचायत की तैयारी पर रणनीति बनाई गई। महापंचायत में क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और लोगों को ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। भीड़ जुटाने के लिए जनसंपर्क किया गया। पूर्व जिला उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा व कांग्रेस नेता संजीव त्यागी ने कहा प्रियंका गांधी की किसान महापंचायत को लेकर किसानों और जनता में उत्साह है।
खतौली क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बघरा पहुंचेगे। मुजफ्फरनगर के बघरा में किसान महापंचायत ऐतिहासिक होगी। बैठक में अशोक शर्मा, नरेश गौड़, नीरज शर्मा, हकीम जफर महमूद, जफर अख्तर खान, ब्रजभूषण शर्मा, नासिर सिद्दीकी, जैगम अली, दिलशाद सिद्दीकी, नासिर मलिक, राजपाल, बिजेंद्र, राहत इकबाल, शाहिद काजी व इसरार राणा रहे।
FOR REGULAR UPDATE VISIT OUR SITE.
CLICK LINK BELOW.
https://www.facebook.com/newsmarkets
SUBSCRIBE MY YOUTUBE CHANNEL
https://www.youtube.com/NEWSMARKETS24