भारतीय सिनेमा की शुरुआत और उसकी विरासत को बड़े पर्दे पर लाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, Jr NTR अब एक महत्वाकांक्षी अखिल भारतीय बायोपिक ‘मेड इन इंडिया’ में दादा साहब फाल्के की भूमिका निभाने जा रहे हैं। यह फिल्म दादा साहब फाल्के के जीवन, संघर्ष और भारतीय फिल्म उद्योग की नींव पर आधारित होगी।
इस फिल्म को दिग्गज निर्देशक SS राजामौली द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसकी घोषणा सितंबर 2023 में की गई थी। फिल्म का निर्माण वरुण गुप्ता (मैक्स स्टूडियो) और एसएस कार्तिकेय (शोइंग बिजनेस) मिलकर कर रहे हैं।
यह डॉक्यूफिल्म केवल दादा साहब फाल्के के जीवन पर प्रकाश नहीं डालेगी, बल्कि भारतीय सिनेमा की उस ऐतिहासिक यात्रा को भी दर्शाएगी जिसमें यह एक छोटे बीज से एक विशाल और प्रभावशाली उद्योग में बदल गया। फिल्म भारतीय सिनेमा की शुरुआती 23 फिल्मों के निर्माण के पीछे की प्रेरणा, चुनौतियों और बदलावों को भी उजागर करेगी।
Jr NTR की नई पारी
पिंकविला की एक रिपोर्ट के अनुसार, Jr NTR ने फिल्म के निर्माता राजामौली, कार्तिकेय और वरुण गुप्ता से स्क्रिप्ट का पूरा ब्यौरा सुना है और मौखिक रूप से इस प्रोजेक्ट के लिए सहमति भी दे दी है।
NTR को दादा साहब फाल्के के कम चर्चित संघर्षों और उनके द्वारा झेली गई चुनौतियों की कहानियों ने गहराई से प्रभावित किया। यह फिल्म न केवल एक महान कलाकार की जीवनी है, बल्कि भारतीय सिनेमा के जन्म और उसके विकास की भी दास्तान है।
सूत्रों के अनुसार, यह एक ऐसी कहानी है जो भारतीय दर्शकों ने अब तक कभी नहीं देखी होगी।
एक्शन से हटकर गंभीर किरदार
Jr NTR ने हाल ही में प्रशांत नील और फिर नेल्सन दिलीपकुमार के साथ अपनी फिल्मों की शूटिंग पूरी की है और अब वह अपने एक्शन स्टार इमेज से हटकर एक संवेदनशील और ऐतिहासिक रूप से अहम भूमिका निभाने को तैयार हैं।
रिपोर्ट में एक करीबी सूत्र के हवाले से कहा गया, “यह कोई हाई-ऑक्टेन एक्शन रोल नहीं है। यह एक ऐसी कहानी है जिसने भारतीय संस्कृति को प्रभावित किया है। एनटीआर जूनियर इसे एक चुनौती के साथ-साथ एक सम्मान भी मानते हैं।”
प्रामाणिकता पर ज़ोर
मेड इन इंडिया फिल्म का उद्देश्य न केवल एक बायोपिक बनाना है, बल्कि भारतीय सिनेमा के इतिहास को प्रामाणिकता और भावना के साथ प्रस्तुत करना भी है। फिल्म की टीम इस पर खास ध्यान दे रही है कि कहानी में सच्चाई और भावनात्मक गहराई दोनों बनी रहें।
हालांकि, फिल्म के निर्देशक और बाकी क्रू को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन जल्द ही इससे संबंधित घोषणाएं होने की संभावना है। यह फिल्म कई भाषाओं में रिलीज की जाएगी और इसमें एक बड़ा कलाकार दल शामिल होगा। शूटिंग की योजना और अन्य विवरण भी जल्द ही साझा किए जाएंगे।
भविष्य की परियोजनाएं
दूसरी ओर, जूनियर एनटीआर स्वतंत्रता दिवस सप्ताहांत में रिलीज हो रही वॉर 2 में भी नज़र आएंगे। इस तरह वह एक ओर बड़े बजट की मसालेदार फिल्मों में काम कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मेड इन इंडिया जैसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण फिल्मों के ज़रिए अपनी अभिनय प्रतिभा का विस्तार भी कर रहे हैं।
Jr NTR के लिए यह फिल्म न केवल एक शैलीगत बदलाव का प्रतीक होगी, बल्कि भारतीय सिनेमा की विरासत को श्रद्धांजलि भी।

