1 मई 2025 से पूरे भारत में एटीएम (ATM) से लेनदेन करने के नियमों में बदलाव होने जा रहा है। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने ATM शुल्क को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की हैं, जो यह तय करेंगी कि एक ग्राहक को हर महीने कितने फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे और अगर वह इस सीमा से अधिक लेनदेन करता है तो उसे कितना शुल्क देना होगा।
फ्री ATM ट्रांजैक्शन में क्या हुआ बदलाव?
RBI ने अपनी नई अधिसूचना में स्पष्ट किया है कि:
- ग्राहक अपने बैंक के ATM से हर महीने कुल 5 मुफ़्त लेनदेन कर सकते हैं।
- इसके अलावा, ग्राहक अन्य बैंकों के ATM से भी मुफ़्त ट्रांजैक्शन कर सकते हैं—
- मेट्रो शहरों में रहने वाले ग्राहकों को हर महीने 3 मुफ्त लेनदेन मिलेंगे।
- गैर-मेट्रो क्षेत्रों में रहने वालों को 5 मुफ्त लेनदेन मिलेंगे।
इन मुफ़्त ट्रांजैक्शन में वित्तीय (जैसे नकद निकासी) और गैर-वित्तीय (जैसे बैलेंस चेक, मिनी-स्टेटमेंट, पिन चेंज) दोनों प्रकार के लेनदेन शामिल हैं।
मुफ़्त सीमा के बाद कितना लगेगा शुल्क?
यदि कोई ग्राहक अपनी मुफ्त सीमा से अधिक एटीएम का उपयोग करता है, तो 1 मई 2025 से हर अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर ₹23 तक का शुल्क देना होगा। यह शुल्क पहले ₹21 था, जिसे अब बढ़ाकर ₹23 कर दिया गया है।
ध्यान देने योग्य बात यह है कि यह शुल्क नकद निकासी के साथ-साथ बैलेंस चेक जैसे साधारण ट्रांजैक्शनों पर भी लागू हो सकता है—बशर्ते आपने पहले से अपनी फ्री लिमिट पार कर ली हो।
कैश रीसाइकलर मशीन (CRM) से किए गए लेनदेन पर भी यह शुल्क लागू होगा, सिर्फ नकद जमा को छोड़कर।
बैंकों ने दी जानकारी
एचडीएफसी बैंक, पीएनबी (पंजाब नेशनल बैंक), और इंडसइंड बैंक जैसे प्रमुख बैंकों ने अपने ग्राहकों को इस बदलाव के बारे में सूचित करना शुरू कर दिया है।
एचडीएफसी बैंक ने जानकारी दी कि:
“1 मई 2025 से फ्री लेनदेन सीमा के बाद एटीएम ट्रांजैक्शन शुल्क ₹21 से बढ़कर ₹23 + कर हो जाएगा।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि:
- एचडीएफसी बैंक के ATM पर नकद निकासी पर ही यह शुल्क लगेगा।
- गैर-वित्तीय ट्रांजैक्शन (जैसे बैलेंस पूछताछ, मिनी स्टेटमेंट, पिन बदलना) फ्री रहेंगे।
एचडीएफसी बैंक ने यह भी बताया कि मुंबई, नई दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों में स्थित ATM को मेट्रो ATM की श्रेणी में रखा जाएगा
ATM उपयोगकर्ताओं के लिए यह जानना ज़रूरी है कि अब हर महीने की सीमित संख्या में ही मुफ्त लेनदेन मिलेंगे। यदि आप इन सीमाओं को पार करते हैं, तो आपको हर अतिरिक्त ट्रांजैक्शन के लिए ₹23 तक का भुगतान करना होगा। ऐसे में, अनावश्यक ATM विज़िट से बचें और ऑनलाइन बैंकिंग या UPI जैसे डिजिटल विकल्पों को प्राथमिकता दें।
