राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने सोने की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव को गिरफ्तार किया है। केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनकी तलाशी के दौरान 14.8 किलोग्राम सोना बरामद किया गया।
सोमवार रात दुबई से अमीरात की फ्लाइट से बेंगलुरु पहुंची रान्या पहले से ही DRI की निगरानी में थी, क्योंकि वह हाल ही में कई बार विदेश यात्रा कर चुकी थी। अधिकारियों के अनुसार, उन्होंने सोने की छड़ें अपने कपड़ों में छिपा रखी थीं, जिससे वह बड़ी मात्रा में सोना तस्करी करने में सफल हो रही थी।
DGP की बेटी होने का दावा
रान्या कर्नाटक में कार्यरत DGP-रैंक के एक IPS अधिकारी की बेटी हैं। अधिकारी अब यह जांच कर रहे हैं कि क्या उन्हें किसी कानून प्रवर्तन अधिकारी का समर्थन प्राप्त था। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद, वह खुद को DGP की बेटी बताकर स्थानीय पुलिसकर्मियों को अपने घर तक पहुंचाने के लिए बुलाती थी। अब यह जांच की जा रही है कि क्या ये पुलिस अधिकारी तस्करी नेटवर्क से जुड़े थे या अनजाने में उनका उपयोग किया गया था।
फिल्मों में काम कर चुकी हैं रान्या
रान्या राव ने कन्नड़ सुपरस्टार सुदीप के साथ फिल्म ‘माणिक्य’ में अभिनय किया था और इसके अलावा उन्होंने अन्य दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम किया है।
डीआरआई की सतर्कता और गिरफ्तारी
डीआरआई अधिकारियों ने यह गौर किया कि पिछले 15 दिनों में रान्या चार बार दुबई गई थी, जिससे उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। इस खुफिया जानकारी के आधार पर, एजेंसी ने सोमवार रात बेंगलुरु एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उन्हें हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद, रान्या को डीआरआई मुख्यालय ले जाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें मंगलवार को बेंगलुरु की अदालत में पेश किया जा सकता है।
