Sunday, June 16, 2024

5 दिन लू के थपेड़े, इन राज्यों में तापमान होगा 46 के पार

इस समय उत्तर भारत में जोरदार गर्मी पड़ रही है। राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, बिहार और गुजरात जैसे राज्यों में बहुत तेज गर्मी हो रही है। तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी इस गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। आईएमडी ने हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। इतनी गर्मी के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने और बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर जाने की सलाह दी है। बाहर काम करने वालों को अपने साथ पानी की बोतल रखने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 25 मई 2024 तक इन राज्यों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के ज्यादातर इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहेगा। कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री से भी ऊपर जा सकता है। गर्म हवा ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, दक्षिण भारत में बारिश की संभावना है। केरल और दक्षिणी तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

दिल्ली में भी 25 मई तक भीषण गर्मी जारी रहेगी। तेज गर्म हवाएं चलेंगी और दिन का तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। आईएमडी के मुताबिक इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

Latest news
Related news