Sunday, June 16, 2024

‘सावी’ सती सावित्री की पौराणिक कथा का आधुनिक संस्करण है

मुंबई, 21 मई (भाषा) अभिनेत्री दिव्या खोसला ने मंगलवार को कहा कि उनकी आगामी फिल्म ‘सावी- ए ब्लडी हाउसवाइफ’ साहस और दृढ़ संकल्प की कहानी है, जिससे हर महिला खुद को जोड़ पाएगी।

इस थ्रिलर फिल्म में दिव्या खोसला ने सावी की भूमिका निभाई है, जो एक परेशान गृहिणी और मां है। सावी अपने पति को बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।

दिव्या ने कहा, “मैंने बचपन में सती सावित्री की कहानी सुनी थी, जिसमें सावित्री अपने पति को वापस पाने के लिए यमराज से लड़ती है। यह कहानी साहस और दृढ़ संकल्प की है, जो बताती है कि एक महिला अपने जीवन के प्यार के लिए पूरे ब्रह्मांड से कैसे लड़ सकती है। मुझे गर्व है कि हमारी फिल्म ‘सावी’ सावित्री की इस कहानी का आधुनिक संस्करण है और यही हम भारतीय दर्शकों को दिखा रहे हैं। मुझे लगता है कि हर महिला इस फिल्म से जुड़ाव महसूस करेगी और अपने अंदर सावित्री को देखेगी।”

निर्देशक देव ने कहा कि यह फिल्म एक गृहिणी की प्रेरणादायक कहानी है। “यह एक सामान्य परिवार की कहानी है, जिसमें पति, पत्नी और बेटा शामिल हैं। आपको लगता है कि महिला सामान्य जीवन जी रही है, लेकिन जब उसका पति किसी समस्या में फंस जाता है, तो उसे बचाने के लिए वह किस हद तक जाती है, यही फिल्म में सबसे रोमांचक बात थी। फिल्म में गहराई है और मैंने देखा है कि महिलाएं पुरुषों से कहीं ज़्यादा मज़बूत होती हैं और वे अपनी ताकत खोज लेती हैं, इसलिए ‘सावी’ के लिए यही प्रेरणा थी।”

‘सावी’ में अनिल कपूर की भूमिका के बारे में देव ने कहा कि वह इस अभिनेता को लेने के लिए उत्सुक थे, क्योंकि उन्हें लगा कि वह एक तेजतर्रार व्यक्ति की भूमिका के लिए बिल्कुल उपयुक्त हैं। “हमने सोचा कि अनिल सबसे अच्छा विकल्प होंगे। मैंने उनके साथ ’24’ के दो सीजन में काम किया है, इसलिए उनसे संपर्क करना आसान था और उनके लिए हाँ कहना भी आसान था क्योंकि उनका मेरे, टी-सीरीज़ और मुकेश भट्ट के साथ अच्छा रिश्ता था। यह उनके लिए कोई मुश्किल काम नहीं था। यह एक बहुत ही अलग भूमिका है जिसमें आप अनिल कपूर को देखेंगे।”

“हर्षवर्धन फिल्म का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। अगर दिव्या सावी है तो वह सत्यवान हैं। वह शानदार हैं।”

‘सावी- ए ब्लडी हाउसवाइफ’ का निर्माण मुकेश भट्ट, भूषण कुमार और कृष्ण कुमार ने किया है। शिव चानना और साक्षी भट्ट को सह-निर्माता के रूप में श्रेय दिया गया है। यह फिल्म 31 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Latest news
Related news