IPL 2025 में धमाकेदार प्रदर्शन कर रहे 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी मैदान पर अपने बल्ले से ही नहीं, बल्कि मैदान के बाहर भी अपनी मासूमियत और चुलबुले अंदाज़ से सबका दिल जीत रहे हैं। अपने तीसरे ही मुकाबले में शानदार शतक लगाने वाले सूर्यवंशी की हर ओर चर्चा हो रही है। क्रिकेट विशेषज्ञों से तारीफें बटोरने के साथ ही अब वह सीनियर खिलाड़ियों से भी खूब घुलमिल रहे हैं, और ऐसा ही एक मजेदार वाकया नीतीश राणा के साथ कैमरे में कैद हो गया।
राजस्थान रॉयल्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें वैभव सूर्यवंशी कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व खिलाड़ी नीतीश राणा से बल्ला मांगते नजर आ रहे हैं। राणा पहले तो मजाकिया अंदाज में उन्हें शर्त रखते हुए कहते हैं,
“मैं तुझे 5 बल्ले दे दूंगा अगर उसका अनुपात 14 से ऊपर गया ना…”
इस पर वैभव तुरंत मुस्कराते हुए जवाब देते हैं,
“मुझे एक ही चाहिए, बात ये है… अगर मेरी उम्र से ज्यादा बल्ले हुए तो मैं अपना बैट जिसे बोलोगे उसे दे दूंगा।”
दोनों के बीच इस नोकझोंक ने दर्शकों को खूब हंसाया। राणा ने जब यह जाना कि वैभव के पास पहले से ही 10 बल्ले हैं तो वह चौंक गए और बोले,
“तेरे पास 10 बल्ले हैं? 10 बल्ले तो बहुत होते हैं, इतने तो विराट भाई के पास भी नहीं होते हैं! और ये मेरा बल्ला है, मेरी मर्जी है मैं क्यों दूं?”
हालांकि, इस मजेदार बहस के बाद राणा ने आखिरकार वैभव को एक बल्ला देने का वादा कर ही दिया। बल्ला मिलने पर वैभव के चेहरे की खुशी देखने लायक थी।
राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर
वैभव सूर्यवंशी की व्यक्तिगत सफलता के बावजूद, राजस्थान रॉयल्स की टीम का प्रदर्शन इस सीजन कुछ खास नहीं रहा है। टीम अब तक खेले गए 11 मुकाबलों में से 8 में हार झेल चुकी है और प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली दूसरी टीम बन गई है।
टीम के नियमित कप्तान संजू सैमसन की गैरमौजूदगी में रियान पराग के नेतृत्व में रॉयल्स अब अपने बचे हुए तीन मुकाबलों में सिर्फ सम्मान की लड़ाई लड़ेंगे। हालांकि युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और जज़्बा टीम को भविष्य के लिए अच्छी उम्मीदें जरूर दे रहा है।
