Saturday, July 27, 2024

मिजोरम में पत्थर खदान ढहने से 10 लोगों की मौत

मिजोरम के आइजोल जिले में आज भारी बारिश के कारण एक पत्थर की खदान ढह गई, जिससे दस लोगों की मौत हो गई और कई लोग अभी भी फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है, लेकिन लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण इसमें बाधा आ रही है।

सुरक्षा के मद्देनज़र, सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं और सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। भूस्खलन के कारण कई राजमार्ग और मुख्य सड़कें बंद हो गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि हुंथर में राष्ट्रीय राजमार्ग 6 पर भूस्खलन के कारण आइजोल का संपर्क देश के बाकी हिस्सों से कट गया है।

भीषण चक्रवाती तूफान रेमल रविवार रात पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों से टकराया। इस चक्रवात ने कमज़ोर घरों को नुकसान पहुंचाया, पेड़ उखाड़ दिए और बिजली के खंभे गिरा दिए। तूफान से पहले पश्चिम बंगाल में एक लाख से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया था।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में असम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

Latest news
Related news