मुंबई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दुबई से आई एक महिला ने बॉलीवुड अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के घर में जबरन घुसने की कोशिश की। इस महिला को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम की है जब 39 वर्षीय अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के बांद्रा स्थित आवास पर एक महिला पहुंची। उसने खुद को अभिनेता की जान-पहचान वाली बताते हुए दावा किया कि वह उनके लिए कपड़े और उपहार लेकर आई है। उसने यह भी कहा कि अभिनेता के साथ उसकी पहले से एक मीटिंग तय थी। इसी दावे के आधार पर आदित्य की घरेलू सहायिका ने उसे अंदर आने दिया।
लेकिन जब आदित्य रॉय कपूर घर लौटे, तो उन्होंने महिला को पहचानने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने जबरन अभिनेता से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनके कर्मचारियों ने उसे रोक दिया। कर्मचारियों की सतर्कता के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और महिला को हिरासत में ले लिया गया।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब कुछ ही दिन पहले अभिनेता सलमान खान के घर में भी घुसपैठ की कोशिश की गई थी। उस मामले में भी एक पुरुष और एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेंद्र कुमार सिंह (23) और ईशा छाबड़ा (32) ने 20 और 21 मई को बांद्रा (पश्चिम) में स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में घुसने की कोशिश की थी। बताया गया कि छत्तीसगढ़ निवासी सिंह को 21 मई की सुबह करीब 9:45 बजे गैलेक्सी अपार्टमेंट के पास घूमते हुए देखा गया। जब सलमान खान की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी ने उसे वहां से जाने को कहा, तो वह गुस्से में आ गया और अपना मोबाइल फोन ज़मीन पर पटक दिया।
उसी दिन शाम को करीब 7:15 बजे वह एक स्थानीय निवासी की कार के पीछे-पीछे अपार्टमेंट परिसर में घुस गया। हालांकि, पुलिस ने उसे एक बार फिर पकड़ लिया और इस बार उसे सीधे बांद्रा पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
पूछताछ में जितेंद्र सिंह ने बताया कि वह अभिनेता सलमान खान से मिलना चाहता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने चुपके से अंदर घुसने की कोशिश की क्योंकि पुलिस उसे अंदर जाने की अनुमति नहीं दे रही थी।
इन दोनों घटनाओं ने बॉलीवुड हस्तियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के संकेत दिए हैं।