Sunday, April 27, 2025

तलाक की अफवाहों पर विवेक दहिया और दिव्यांका त्रिपाठी ने दी प्रतिक्रिया

टीवी इंडस्ट्री के चर्चित जोड़े दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया के तलाक की अफवाहें हाल ही में सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही हैं। इस बीच, विवेक दहिया ने इन अफवाहों पर चुप्पी तोड़ते हुए बेहद मजाकिया अंदाज़ में अपनी प्रतिक्रिया दी है।

दरअसल, अभिनेता अपने नए म्यूजिक वीडियो ‘इष्टम’ के लॉन्च इवेंट में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक पत्रकार ने उनसे तलाक की अफवाहों के बारे में सवाल किया। इस पर विवेक ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “बहुत मज़े आ रहे हैं। मैं और दिव्यांका, हम लोग हंस रहे थे। हम लोग आइसक्रीम खाते-खाते सोच रहे थे कि अगर यह लंबा चला तो पॉपकॉर्न भी मंगवा लेंगे।”

विवेक ने आगे कहा, “मैं खुद यूट्यूब व्लॉगिंग करता हूं, इसलिए मुझे अच्छी तरह से पता है कि क्लिकबेट क्या होता है और यह कैसे काम करता है। अगर आप कुछ सनसनीखेज डालोगे तो लोग क्लिक करेंगे, लेकिन उसमें कोई सच्चाई नहीं होती। किसी भी अवास्तविक चीज़ को बढ़ावा नहीं देना चाहिए।”

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विवेक दहिया इन अफवाहों को पूरी तरह से खारिज करते नज़र आ रहे हैं।

बात करें उनके नए म्यूजिक वीडियो की, तो विवेक दहिया ने अभिनेत्री अनायरा गुप्ता के साथ ‘इष्टम’ नामक रोमांटिक वीडियो में अभिनय किया है। यह वीडियो सोमवार, 14 अप्रैल को फील गुड ओरिजिनल्स के बैनर तले रिलीज़ किया गया, जिसे टीवी अभिनेत्री सुरभि चंदना ने प्रोड्यूस किया है।

दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया की प्रेम कहानी भी कम दिलचस्प नहीं रही है। दोनों की पहली मुलाकात लोकप्रिय टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ के सेट पर हुई थी। वहीं से उनकी दोस्ती प्यार में बदली और साल 2016 में दोनों ने शादी कर ली।

विवेक की प्रतिक्रिया से साफ है कि दोनों के बीच सबकुछ ठीक है और तलाक की खबरें केवल अफवाहें हैं।

Latest news
Related news